Follow Us:

तीसा जल शक्ति विभाग के जेई की संदिग्ध मौ*त, चार आरोपी गिरफ्तार

➤तीसा जल शक्ति विभाग के जेई की संदिग्ध हालात में मौत
➤चार आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज


हिमाचल प्रदेश के तीसा जल शक्ति मंडल में तैनात कनिष्ठ अभियंता (जेई) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने सनसनी फैला दी है। जेई नवीन का शव शारेला नाला में बरामद होने के बाद परिवार ने इसे हत्या करार दिया। मृतक के परिजनों का कहना है कि वह अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने गया था, लेकिन पार्टी के दौरान किसी बहस के बाद उसकी मौत हो गई। शव के नाले में मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस ने परिजनों के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।
डीएसपी सलूणी रंजन शर्मा ने बताया कि शव मिलने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में मृतक की पहचान नवीन के रूप में हुई, जो कलहेल सेक्शन में सेवाएं दे रहा था। पुलिस को नवीन के एक रिश्तेदार ने बताया कि यह मामला सामान्य दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या हो सकता है। इस आधार पर चार लोगों को पहले डिटेन किया गया और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों को डलहौजी अदालत में पेश किया जाएगा, जहां से पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी।
फिलहाल पूछताछ में यह सामने आया है कि मृतक और आरोपी किसी शान गेस्ट हाउस में मौजूद थे, जहां किसी बात पर विवाद हुआ। पुलिस की फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई साक्ष्य एकत्र किए हैं, जिन्हें फोरेंसिक लैब भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच होगी और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। डीएसपी रंजन शर्मा ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।