Follow Us:

कांगड़ा के ग्रामीण क्षेत्र में मिला ड्रोन का हिस्‍सा, इलाका सील, सेना मौके पर

  • कांगड़ा जिले के बालुगलोआ में संदिग्ध ड्रोन का टुकड़ा मिलने से मचा हड़कंप

  • स्थानीय बच्चों ने देखा टुकड़ा, पुलिस ने इलाके को किया सील, सेना को दी गई सूचना

  • योल कैंट से सेना की टीम पहुंची मौके पर, जांच और तलाशी अभियान जारी


Drone Debris: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला स्थित देहरा उपमंडल के अंतर्गत आने वाले बालुगलोआ गांव में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब वहां खेतों में एक संदिग्ध ड्रोन का टुकड़ा मिला। यह इलाका रानीताल पुलिस चौकी के अंतर्गत आता है। जानकारी के अनुसार, सबसे पहले स्थानीय बच्चों की नजर इस टुकड़े पर पड़ी, जिन्होंने तुरंत यह बात गांव के वार्ड पंच को बताई।

वार्ड पंच ने इस बारे में तुरंत बालुगलोआ पंचायत की प्रधान कमलेश कुमारी को सूचित किया। प्रधान ने तुरंत पुलिस को फोन कर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर दिया।

पुलिस द्वारा इस वस्तु को संदिग्ध ड्रोन का टुकड़ा मानते हुए उच्च स्तरीय सतर्कता बरती जा रही है। देहरा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) मयंक चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “बालुगलोआ में खेतों के पास एक संदिग्ध टुकड़ा मिला है, जो संभवतः ड्रोन का हिस्सा हो सकता है। इसकी जांच की जा रही है और योल से सेना की टीम को भी सूचित किया गया है।”

सूचना मिलने के बाद भारतीय सेना की एक टीम योल छावनी से घटनास्थल के लिए रवाना हुई और मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक रूप से यह टुकड़ा किसी ड्रोन का पार्ट प्रतीत हो रहा है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि सेना द्वारा जांच के बाद ही की जाएगी।

पुलिस और सेना दोनों ने इस टुकड़े को सुरक्षित स्थान पर रख दिया है और साथ ही आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है। अधिकारी यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि यदि यह ड्रोन का हिस्सा है, तो कहीं अन्य टुकड़े आसपास तो नहीं गिरे हैं।

घटनास्थल के पास किसी भी प्रकार की संदिग्ध या असामान्य गतिविधि की अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर कोण से जांच कर रही हैं

इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में चिंता का माहौल है, और लोग जानना चाहते हैं कि यह टुकड़ा आखिर आया कहां से। विशेषकर ऐसे समय में जब देश में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, इस तरह की घटनाएं सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी चुनौतीपूर्ण हैं।

फिलहाल इस संदिग्ध वस्तु की प्रकृति, इसके स्रोत और उद्देश्य के बारे में अंतिम जानकारी सेना की जांच के बाद ही सामने आएगी। देहरा पुलिस ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।