➤ स्वच्छ सर्वेक्षण 2024–25 में शिमला को झटका, रैंकिंग में पिछड़ा
➤ 347वें स्थान पर पहुँचा शिमला, पिछले साल था 188वें पायदान पर
➤ ठियोग बना हिमाचल का सबसे स्वच्छ शहर, नादौन दूसरे और शिमला तीसरे स्थान पर
केंद्र सरकार द्वारा गुरुवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2024–25 के नतीजे जारी किए गए, जिसमें राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की रैंकिंग में भारी गिरावट आई है। पिछले वर्ष शिमला को जहां 188वां स्थान मिला था, वहीं इस बार उसकी स्थिति और गिरकर 347वें स्थान पर पहुँच गई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में यह पुरस्कार वितरित किए। इस समारोह में केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
स्वच्छता के इस राष्ट्रीय सर्वेक्षण में हिमाचल प्रदेश के ठियोग शहर ने चौंकाते हुए सबसे स्वच्छ शहर का दर्जा हासिल किया है। इसके बाद नादौन ने दूसरा स्थान और शिमला तीसरे स्थान पर रहा। प्रदेश स्तर की रैंकिंग में शिमला को तीसरा स्थान मिलना भी उसकी गिरती साख को दर्शाता है।
स्वच्छ सर्वेक्षण का यह वार्षिक आकलन देशभर के शहरी निकायों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, नागरिक भागीदारी और सार्वजनिक प्रतिक्रिया जैसे अनेक मानकों पर आधारित होता है। शिमला की गिरती रैंकिंग को लेकर अब नगर निगम और प्रशासन के कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि शिमला में गारबेज डिस्पोजल, कूड़ा प्रबंधन, और जनसहभागिता में लगातार गिरावट आई है। दूसरी ओर, ठियोग जैसे छोटे शहर ने सीमित संसाधनों के बावजूद अच्छा प्रदर्शन कर मिसाल कायम की है।



