-
अंतर्राष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव के तहत जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ, हरीश जनारथा ने की अध्यक्षता
-
नशे के खिलाफ जन आंदोलन की अपील, खेलों को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान
-
38 स्कूलों के 250 खिलाड़ियों ने लिया भाग, ट्रैक सूट वितरित, जागरूकता रैली भी निकाली गई
Shimla Summer Festival: इंदिरा गांधी खेल परिसर, शिमला में सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय ग्रीष्मोत्सव 2025 के अंतर्गत जिला स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल न केवल बच्चों के मानसिक और शारीरिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि उन्हें नशे जैसी बुराइयों से भी दूर रखते हैं।
हरीश जनारथा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी नशे की गिरफ्त में आ रही है और इससे उन्हें बचाने के लिए खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। उन्होंने जिले में बच्चों के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करवाने के लिए जिला प्रशासन, टेबल टेनिस एसोसिएशन और खेल परिषद की सराहना की। जनारथा ने कहा कि प्रत्येक वर्ष ग्रीष्मोत्सव के दौरान इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, ताकि स्कूली बच्चों को प्रदर्शन का अवसर मिल सके।
प्रतियोगिता में भाग लेने आए 38 स्कूलों के लगभग 250 खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि द्वारा ट्रैक सूट वितरित किए गए। इस अवसर पर विधायक ने सभी बच्चों से अपील की कि वे खेलों की ओर ध्यान दें और नशे से दूर रहें।
इस आयोजन के दौरान नशे के विरुद्ध जनजागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी खिलाड़ियों ने भाग लिया। रैली को हरी झंडी विधायक हरीश जनारथा ने दिखाई। उन्होंने आम जनता से भी नशे के विरुद्ध इस अभियान में सहभागिता निभाने की अपील की।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त अभिषेक वर्मा, उपमंडलाधिकारी शिमला शहरी ओशीन शर्मा, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी राकेश धौटा, और जिला टेबल टेनिस संघ के महासचिव अभय लखनपाल समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का आयोजन पूर्णतः उत्साहपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।



