-
प्रश्नकाल में आर.एस. वाली ने टांडा मेडिकल कॉलेज की बदहाल स्थिति का मामला उठाया
-
लिफ्ट और मेडिकल मशीनों की लाइफ समाप्त, बजट और मेंटनेंस को लेकर सवाल
-
मुख्यमंत्री ने टांडा को बजट देने और नई लिफ्ट लगाने का दिया आश्वासन
CM response on medical infrastructure: शिमला विधानसभा के प्रश्नकाल में कैबिनेट रैंक नगरोटा बगवां के विधायक आरएस बाली ने टांडा मेडिकल कॉलेज का मामला उठाया । उन्होंने समस्याओं की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि कॉलेज में कई पद खाली पड़े हैं, जिनको भरने के लिए सरकार क्या कदम उठाएगी? इसके अलावा, उन्होंने मेडिकल कॉलेज की 15 साल पुरानी लिफ्ट और अन्य मशीनों की लाइफ समाप्त होने की बात उठाई। उन्होंने सरकार से जानना चाहा कि क्या मेंटनेंस और रिपेयर के लिए कोई बजट का प्रावधान किया जाएगा या फिर नई मशीनें उपलब्ध करवाई जाएंगी।
बाली ने यह भी मांग की कि जिस तरह IGMC शिमला को सरकार बजट देती है, उसी तरह टांडा मेडिकल कॉलेज को भी वित्तीय सहायता दी जाए। साथ ही, उन्होंने रोगी कल्याण समिति (आरकेएस) के गठन की जरूरत पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने जवाब देते हुए कहा कि IGMC और टांडा दोनों को सरकार बजट देती है, लेकिन यह संभव है कि टांडा को अपेक्षाकृत कम राशि मिली हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि टांडा में रिपेयर और मेंटनेंस के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी और लिफ्ट को बदलने पर भी विचार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह भी स्वीकार किया कि टांडा जैसे बड़े मेडिकल कॉलेज में एसआरशिप (सीनियर रेजिडेंसी) के पद खाली पड़े हैं और अब इस पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार को आरकेएस से कोई ऐतराज नहीं है और इस पर भी उचित कदम उठाए जाएंगे।



