Follow Us:

तेलंगाना दवा फैक्ट्री ब्लास्ट में 34 की मौत, 30 घायल


➤धमाके से रिएक्टर यूनिट पूरी तरह तबाह, मजदूर दूर जा गिरे
➤पीएम ने मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख सहायता की घोषणा की



तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में पाशमिलारम इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सिगाची इंडस्ट्रीज की दवा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके में अब तक 34 लोगों की मौत की पुष्टि हो गई है। हादसा सोमवार सुबह करीब 8.15 से 9.30 बजे के बीच हुआ, जब फैक्ट्री की रिएक्टर यूनिट में जोरदार विस्फोट हुआ।

धमाका इतना भयानक था कि वहां काम कर रहे कई मजदूर 100 मीटर तक दूर जा गिरे और फैक्ट्री की एक दीवार भी गिर गई। संगारेड्डी के एसपी परितोष पंकज ने बताया कि फैक्ट्री से अब तक 31 शव निकाले जा चुके हैं, जबकि अस्पताल में तीन घायलों ने दम तोड़ दिया। करीब 30 से ज्यादा लोग घायल हैं, जिनमें कई मजदूर 20% से 50% तक झुलस गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह की शिफ्ट शुरू होने पर मजदूरों के मोबाइल बाहर रखवा लिए जाते हैं, इस वजह से हादसे के वक्त संपर्क नहीं हो सका। एक महिला ने बताया कि उनके परिवार के चार सदस्य इस फैक्ट्री में काम करते हैं और तीन लोग हादसे के समय अंदर ही थे।

फायर ब्रिगेड की 11 गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के समय फैक्ट्री में 50 से ज्यादा मजदूर मौजूद थे। धमाके से रिएक्टर यूनिट पूरी तरह तबाह हो गई। कंपनी के एक कर्मचारी ने बताया कि ज्यादातर मजदूर मध्य प्रदेश, बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल से थे।

सिगाची इंडस्ट्रीज फार्मास्यूटिकल पाउडर बनाती है और इसके प्रोडक्ट 65 देशों में एक्सपोर्ट होते हैं। ब्लास्ट के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में कंपनी के शेयर में 9.89% की गिरावट दर्ज हुई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम नेशनल रिलीफ फंड से मृतकों के परिजन को ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।

फिलहाल राहत-बचाव कार्य जारी है और प्रशासन मृतकों और घायलों की पहचान में जुटा है। हादसे ने मजदूरों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।