➤ डीसी ऑफिस पर प्रदर्शन के दौरान एएसपी से धक्का-मुक्की का मामला
बिलासपुर। कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर मंगलवार को डीसी ऑफिस के बाहर प्रदर्शन के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) को धक्का देने के मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब बंबर ठाकुर अपनी समर्थकों के साथ डीसी कार्यालय के गेट पर पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा का काफिला भी गुजरना था, लेकिन बवाल को देखते हुए काफिले को रूट बदलना पड़ा।
बता दें कि बंबर ठाकुर पहले से ही प्रशासन के रवैये से नाराज थे। जैसे ही उन्हें रोकने की कोशिश की गई, उनकी सदर एसडीएम के साथ तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि मौके पर मौजूद एएसपी शिव कुमार चौधरी को उन्होंने बार धक्का दे दिया।
घटना के तुरंत बाद किसी व्यक्ति ने पूरा वाकया अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पूर्व विधायक और एएसपी के बीच किस तरह से धक्का-मुक्की हुई।
मीडिया से बातचीत में बंबर ठाकुर ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “पुलिस और प्रशासन मेरी सुरक्षा को लेकर लापरवाह हैं। जब मैं आवाज उठा रहा हूं तो मुझे चुप कराने के लिए बल प्रयोग किया जा रहा है। यह लोकतंत्र का गला घोंटना है।” उधर एएसपी की शिकायत पर पुलिस ने बंबर ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।द्



