Follow Us:

लॉकअप में नशे के आदी युवक की फांसी, IO समेत दो पुलिसकर्मी सस्पेंड


कालाअंब थाने के लॉकअप में आरोपी ने की आत्महत्या
जांच अधिकारी समेत 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड, होमगार्ड हटाया गया
फॉरेंसिक जांच जारी, न्यायिक व विभागीय जांच के आदेश


हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिला में एक सनसनीखेज मामला सामने आया जब कालाअंब पुलिस थाना के लॉकअप में बंद चोरी के आरोपी ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने न केवल स्थानीय पुलिस प्रशासन बल्कि पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है।

मृतक की पहचान अजय कुमार (36) निवासी नारायणगढ़, हरियाणा के रूप में हुई है, जिसे शनिवार को कॉपर वायर चोरी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। रविवार को अदालत में पेशी के बाद उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा गया था और दोपहर करीब 3 बजे लॉकअप में रखा गया। इसके करीब 50 मिनट बाद, यानी 3:50 बजे, उसने कथित तौर पर कंबल के बॉर्डर से फंदा बनाकर जान दे दी।

पुलिस विभाग ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच अधिकारी (IO) और थाने के मुंशी को सस्पेंड कर दिया है, जबकि ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड जवान को बटालियन वापस भेज दिया गया है। सीजेएम स्तर पर न्यायिक जांच शुरू हो चुकी है और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया है। फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने जानकारी दी कि घटना की सूचना तुरंत मानवाधिकार आयोग और न्यायिक अधिकारी को दी गई। उन्होंने बताया कि मामले में विभागीय जांच के आदेश भी दे दिए गए हैं और जल्द ही नए जांच अधिकारी की नियुक्ति की जाएगी।

प्रारंभिक जानकारी में यह सामने आया है कि मृतक नशे का आदी था और लॉकअप में नशा न मिलने के कारण संभवतः अवसादग्रस्त हो गया था, जिससे यह चरम कदम उठाया। हालांकि, सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्पष्टता आएगी।

यह मामला पुलिस कस्टडी की निगरानी व्यवस्था पर भी प्रश्नचिन्ह खड़ा कर रहा है, जिससे जुड़ी जवाबदेही तय करने की जरूरत महसूस की जा रही है।