Follow Us:

शातिरों का तांडव: चोरी के बाद जला डाला घर! CCTV उखाड़ ले गए, फिर भी बच गई दो फुटेज… क्या खुलेगा राज?

शिमला के ठियोग में लाखों की चोरी के बाद घर में लगाई आग
सोने के कड़े, चेन, नगदी और इन्वर्टर ले गए चोर, CCTV कैमरे भी उखाड़े
भतीजी की मौत के चलते मकान मालिक घर से बाहर, मौके का उठाया फायदा


शिमला जिले के ठियोग उपमंडल के जगोड़ा गांव में एक घर में बड़ी चोरी और आगजनी की घटना सामने आई है। शातिर चोरों ने मकान मालिक जयचंद की गैरहाजिरी का फायदा उठाते हुए घर से लाखों की नगदी और जेवरात चोरी किए, फिर सबूत मिटाने के लिए घर में आग लगा दी।

जयचंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोर अलमारी में रखे लकड़ी के एक बॉक्स से 65 हजार रुपए नगद, 2 सोने के कड़े, एक अंगूठी, एक सोने की चेन और एक ब्रेसलेट ले गए। इसके अलावा घरेलू इन्वर्टर भी गायब है। शातिरों ने घर में लगे चार सीसीटीवी कैमरों में से दो को उखाड़ फेंका, जबकि दो कैमरे सुरक्षित हैं। पुलिस अब इन्हीं फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

घटना मंगलवार रात (15 जुलाई) की है, जबकि एफआईआर बुधवार को दर्ज की गई। जानकारी के अनुसार, जयचंद का स्थायी निवास शिमला के भट्टाकुफर में है, लेकिन फोरलेन प्रोजेक्ट की जद में आने के बाद उन्होंने 2018 में ठियोग के जगोड़ा गांव में नया मकान बनाया। बीते 3 जुलाई को जयचंद की भतीजी का निधन हो गया, जिस कारण वह शिमला आ गए थे।

चोरी के बाद चोरों ने मकान की दूसरी मंजिल के एक कमरे में आग लगा दी, जिससे काफी सामान जलकर राख हो गया। 16 जुलाई की सुबह गांव के एक व्यक्ति रमेश चंद ने घर से धुआं निकलते देखा और जयचंद को सूचना दी। जयचंद ने रमेश को घर खोलकर आग बुझाने को कहा। मेन गेट बंद था, और खिड़की का कांच टूटा हुआ था, जिससे चोरी की पुष्टि हुई।

जब तक जयचंद मौके पर पहुंचे, कमरे का अधिकांश सामान जल चुका था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगजनी और चोरी का मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।