-
कांगड़ा को पर्यटन की राजधानी बनाने की दिशा में बड़ा कदम
-
लोअर हिमाचल को मजबूत करने और प्रतिनिधित्व बढ़ाने की ओर पहला संकेत
Himachal tourism headquarters shift: हिमाचल प्रदेश सरकार ने प्रदेश पर्यटन निगम के मुख्यालय को शिमला से कांगड़ा जिला स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। इस निर्णय का पर्यटन की दृष्टि से अत्यधिक महत्व है और यह राज्य के निचले क्षेत्रों—विशेषकर कांगड़ा और चंबा जिलों—के लिए विकास के नए द्वार खोल सकता है।
इस निर्णय की सराहना करते हुए पूर्व मंत्री स्वर्गीय शिव कुमार उपमन्यु के पुत्र रंजन उपमन्यु, राजीव उपमन्यु और पौत्र राहुल उपमन्यु ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और पर्यटन निगम के अध्यक्ष रघुवीर सिंह बाली का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पहले ही कांगड़ा को प्रदेश की पर्यटन राजधानी घोषित कर दिया था, और अब कार्यालय स्थानांतरण का यह कदम उसे व्यवहारिक रूप देने की दिशा में है।
उन्होंने कहा कि धौलाधार पर्वत श्रृंखला और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं, और इस फैसले से यह क्षेत्र जल्द ही राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से उभरेगा। चंबा जिला भी प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर है और उसे पर्यटन के नक्शे पर लाना आवश्यक है।
रंजन उपमन्यु ने यह भी कहा कि पूर्व मंत्री स्वर्गीय जीएस बाली का सपना था कि हिमाचल को पूरे देश में पर्यटन के मानचित्र पर अग्रणी स्थान दिलाया जाए। अब उनके पुत्र रघुवीर सिंह बाली उसी राह पर चलते हुए उस सपने को तेजी से साकार करने की दिशा में अग्रसर हैं।
यह निर्णय न केवल हिमाचल के पर्यटन क्षेत्र को दिशा देगा, बल्कि लोअर हिमाचल को मजबूत करने और वहां के लोगों को उचित प्रतिनिधित्व दिलाने की ओर भी एक महत्वपूर्ण कदम है।



