-
सेफ्टी बेल्ट का हुक टूटने से 12 फीट नीचे गिरा पंजाब निवासी गोपाल शर्मा
-
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की, शव परिजनों को सौंपा गया
Himachal Adventure Accident: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के साधुपुल में हुई एक दुखद दुर्घटना ने पर्यटक सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पंजाब के मंडी गोविंदगढ़ निवासी गोपाल शर्मा, जो कि अपनी पत्नी के साथ 1 मई को माउंटेन रिवर कैंप साधुपुल में एडवेंचर एक्टिविटी के लिए आए थे, एक रोप कोर्स के दौरान सेफ्टी बेल्ट का हुक टूट जाने से 12 फीट नीचे गिर गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोपाल शर्मा रोप कोर्स के पांचवें पड़ाव को पार कर रहे थे, तभी वे असंतुलित होकर बेल्ट के सहारे लटक गए। साइट पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत उन्हें रेस्क्यू करने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच सेफ्टी हुक टूट गया और वे नीचे जा गिरे।
घायल अवस्था में उन्हें तुरंत कंडाघाट अस्पताल लाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर क्षेत्रीय अस्पताल रेफर किया गया। शुक्रवार शाम को इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस अधीक्षक सोलन गौरव सिंह ने जानकारी दी कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर एडवेंचर साइट पर सुरक्षा उपायों की जांच शुरू कर दी गई है।
यह हादसा हिमाचल में बढ़ रही एडवेंचर टूरिज्म की लोकप्रियता के बीच सुरक्षा मानकों की पोल खोलता है। पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना अब प्रशासन और आयोजकों की प्राथमिकता बननी चाहिए।



