Mandi Dhaba Shooting:हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही गोलीबारी की घटनाओं से माहौल तनावपूर्ण हो गया है। कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक बंबर ठाकुर पर हुए हमले के बाद अब मंडी जिले में एक और गोलीकांड सामने आया है। बीती रात करीब 11:45 बजे मंडी शहर के समीप पुलघराट इलाके में स्थित एक ढाबे पर बाइक सवार दो हमलावरों ने ढाबा मालिक पर गोली चला दी।
मिली जानकारी के अनुसार, गोली ढाबा मालिक के हाथ और गाल को छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। गोली मारने के बाद हमलावर ढाबे में रखी नकदी, एलईडी टीवी और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। घायल ढाबा मालिक को तुरंत मेडिकल कॉलेज नेरचौक ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई है। एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस रातभर से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह घटना हिमाचल प्रदेश में कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। प्रशासन पर दबाव बढ़ता जा रहा है कि प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जाए।