Follow Us:

एक को बचाने गए दूसरे की भी गई जान, सतलुज ने डूबकर दो युवकों की मौत

➤ ब्रमोह्ती मंदिर में नहाते समय दो युवकों की दर्दनाक मौत
➤लुधियाना निवासी विकास शर्मा और कलसेहड़ा के रितांश बाली की जान गई
➤ विकास का शव नहीं मिला, रेस्क्यू टीम और पुलिस मौके पर


Bramohthi-Temple: हिमाचल प्रदेश के विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक धार्मिक स्थल ब्रमोह्ती मंदिर में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा पेश आया, जहां सतलुज नदी में नहाते समय दो युवकों की जान चली गई। मृतकों की पहचान रितांश बाली पुत्र उमेश बाली निवासी गांव कलसेहड़ा और विकास शर्मा निवासी लुधियाना के रूप में हुई है। विकास अपने ननिहाल गांव थलूह आया हुआ था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विकास शर्मा अपने परिवार के साथ ब्रमोह्ती मंदिर माथा टेकने आया था। पूजा के बाद वह नहाने के लिए पास बह रही सतलुज नदी में चला गया। उसे शायद नदी की गहराई और तेज बहाव का अंदाज़ा नहीं था और वह पानी में बह गया। विकास को डूबता देख, रितांश बाली उसे बचाने के लिए दौड़ा और जैसे ही उसने हाथ आगे बढ़ाया, वह खुद भी तेज बहाव में बह गया

इस दर्दनाक दृश्य को देख दो अन्य युवक भी उन्हें बचाने के लिए नदी में कूदे, लेकिन वे भी डूबते-डूबते बचे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर गोताखोर कमलप्रीत की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद रितांश का शव बरामद कर लिया गया। हालांकि, विकास शर्मा का शव अभी तक नहीं मिल पाया है।

अंधेरा होने के कारण तलाशी अभियान अस्थायी रूप से रोका गया है, और अब शनिवार सुबह पुनः तलाशी शुरू की जाएगी। मेहतपुर पुलिस मौके पर पहुंच चुकी है और जांच शुरू कर दी गई है।

यह हादसा न केवल दो परिवारों के लिए गहरा आघात है, बल्कि यह भी सवाल उठाता है कि धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम क्यों नहीं होते, खासकर जब वहां नदी या तेज बहाव वाली जलधाराएं हों।