Follow Us:

कुल्लू में पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आए मां-बेटे की मौत


स्कूल से लौटते समय रास्ते में हुआ दर्दनाक हादसा, हल्की बारिश बनी वजह
पुन्न खड्ड के पास पैदल चल रहे थे, तभी अचानक गिरे पत्थर


हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के आनी उपमंडल में गुरुवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा बखनाओं पंचायत के पुन्न खड्ड के समीप हुआ, जब दोनों पर पहाड़ी से अचानक पत्थर गिर पड़े। हादसे के समय क्षेत्र में हल्की बारिश हो रही थी और मार्ग पर फिसलन थी।

मृतकों की पहचान 30 वर्षीय रवीना भारती और 14 वर्षीय बेटे सुजल के रूप में हुई है। दोनों काथला गांव के निवासी थे। रवीना अपने बेटे को सरस्वती विद्या मंदिर चवाई से लेकर लौट रही थीं। स्कूल से उतरने के बाद उन्होंने सड़क से गांव के लिए आधा घंटे की पैदल चढ़ाई शुरू की ही थी कि लगभग 50 कदम चलते ही पहाड़ी से पत्थर गिरने लगे।

बारिश के कारण उन्होंने छाता ले रखा था और शायद इसलिए आसपास की हरकतों का अंदाज़ा नहीं लग पाया। पत्थरों की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से रास्तों की सुरक्षा बढ़ाने और ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में बचाव के इंतजामों की मांग की है। प्रशासन ने कहा है कि पीड़ित परिवार को सरकारी नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी।