Follow Us:

पिन पार्वती नदी में डूबे दो आईटीआई प्रशिक्षुओं के शव बरामद

  • कुल्लू के लारजी में पिन पार्वती नदी में डूबे दो आईटीआई छात्रों के शव बरामद
  • एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने मात्र 10 मिनट में शवों को निकाला
  • प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, हादसे की जांच जारी

ITI Students Drown Kullu:  हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में गुरुवार को एक दुखद हादसा हुआ, जब दो आईटीआई प्रशिक्षु पिन पार्वती नदी में डूब गए। यह घटना लारजी क्षेत्र में हुई, जहां दोनों छात्र इंटर्नशिप के लिए आए थे। शुक्रवार सुबह 7:00 बजे एसडीआरएफ और सुंदरनगर से आई गोताखोरों की टीम ने मात्र 10 मिनट के अभियान में दोनों के शव बरामद कर लिए।

मृतकों की पहचान धर्मेंद्र (18) पुत्र गीतानंद निवासी मुराह बालाचौकी और घनश्याम सिंह (18) पुत्र दयाराम निवासी काहरा बालाचौकी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि ये दोनों आईटीआई थलौट के छात्र थे और बिजली बोर्ड में इंटर्नशिप के दौरान नदी में नहाने चले गए थे। दुर्भाग्यवश, नदी के एक गहरे हिस्से में चले जाने के कारण दोनों की डूबकर मौत हो गई।

ग्राम पंचायत लारजी के प्रधान गुड्डू राम ठाकुर और अग्निशमन विभाग लारजी के प्रभारी शेर सिंह नेगी ने इस घटना की पुष्टि की। डीएसपी बंजार शेर सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।