Follow Us:

बंगाल की दुर्गा पूजा में ट्रंप बने असुर, थीम चर्चा में

बंगाल की दुर्गा पूजा समिति ने ट्रंप की बनाई असुर मूर्ति
भारत-अमेरिका रिश्तों में कड़वाहट को बताया थीम का कारण
लोगों की भारी भीड़, थीम को मिली सराहना


पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के बहरामपुर स्थित खागरा श्मशान घाट दुर्गा पूजा समिति इस बार सुर्खियों में है। समिति ने अपने 59वें दुर्गोत्सव को खास बनाने के लिए असुर की प्रतिमा अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रूप में तैयार करवाई है। इस अनोखे थीम पंडाल को देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।

इस मूर्ति को प्रसिद्ध कलाकार असीम पाल ने तैयार किया है। आयोजकों ने बताया कि यह थीम भारत-अमेरिका रिश्तों में आई कड़वाहट और ट्रंप के विश्वासघात को दर्शाती है। समिति के सदस्यों का कहना है कि ट्रंप ने 50 प्रतिशत टैरिफ लगाकर भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ विश्वासघात किया। मोदी ने उन्हें मित्र माना था, लेकिन उनके फैसले भारत के हितों के खिलाफ रहे। यही कारण है कि इस बार उन्हें असुर का प्रतीक बनाया गया है।

शनिवार को बहरामपुर नगर पालिका के मेयर नरु गोपाल मुखर्जी ने पूजा मंडप का उद्घाटन किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। आयोजकों के मुताबिक, उन्हें दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली और लोगों ने इस थीम की खुलकर सराहना की।

यह पहला मौका नहीं है जब भारत में ट्रंप को विशेष प्रतीक के रूप में दिखाया गया हो। साल 2018 में तेलंगाना के किसान बुस्सा कृष्णा ने उनके सम्मान में एक मंदिर बनवाया था और रोजाना उनकी पूजा करते थे। उनका मानना था कि ट्रंप भारत-अमेरिका संबंधों को मजबूत करेंगे। लेकिन इस बार बंगाल की दुर्गा पूजा समिति ने बिल्कुल उलटा दृष्टिकोण अपनाया और उन्हें असुर के रूप में दिखाकर संदेश दिया।