-
बिजली बोर्ड ने केंद्र सरकार की महंगाई भत्ता दरें लागू कीं
-
एनपीएस के 6,000 कर्मचारियों को मिलेगा दो फीसदी अतिरिक्त डीए
-
पुरानी पेंशन बहाली से पहले वित्तीय नुकसान से राहत देने की कोशिश
NPS Employees: हिमाचल प्रदेश राज्य बिजली बोर्ड ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए अपने एनपीएस (नई पेंशन योजना) से जुड़े कर्मचारियों के लिए केंद्र सरकार की महंगाई भत्ता (DA) दरें लागू कर दी हैं। इससे बोर्ड के 6,000 से अधिक एनपीएस कर्मचारी अब दो फीसदी अतिरिक्त डीए के हकदार बन गए हैं। यह कदम विशेष रूप से पुरानी पेंशन योजना (OPS) की बहाली का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को आंशिक राहत देने की दिशा में उठाया गया है।
मंगलवार को जारी किए गए कार्यालय आदेश के अनुसार, अब बिजली बोर्ड के एनपीएस कर्मियों को भी वही महंगाई भत्ता दर मिलेगी जो केंद्र सरकार के कर्मचारियों को मिलती है। इससे टेक-होम सैलरी में वृद्धि के साथ-साथ एनपीएस में पेंशन योगदान पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
बिजली बोर्ड अधिकारियों ने बताया कि यह संशोधित डीए 2 अप्रैल 2025 के केंद्र सरकार के ज्ञापन के आधार पर, निर्धारित तिथि से लागू होगा। यह समानता सुनिश्चित करने और कर्मचारियों के वित्तीय हितों की रक्षा के लिहाज से अहम कदम है।



