➤ धर्मपुर में अल्टो कार से पकड़े गए दो युवक, 11 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद
➤ रामपुर के रहने वाले राहुल और अर्जुन गिरफ्तार, गाड़ी भी जब्त
➤ पूछताछ में सामने आया कनेक्शन, डेराबसी (पंजाब) से सप्लायर संदीप गिरफ्तार
हिमानी ठाकुर, सोलन
जिला सोलन पुलिस की विशेष अन्वेषण ईकाई ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन तस्करी में संलिप्त गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस थाना धर्मपुर के तहत 12 जून को दर्ज एफआईआर नंबर 105/2025 के अनुसार, पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि परवाणू से सोलन की ओर आ रही एक अल्टो कार में चिट्टा/हेरोइन की बड़ी खेप लाई जा रही है।
सूचना मिलते ही टीम ने रेलवे फाटक के पास नाकाबंदी की और संदिग्ध गाड़ी को रोका। तलाशी में गाड़ी में सवार दो युवकों – राहुल कुमार (28 वर्ष) निवासी धार गौरा, रामपुर, शिमला और अर्जुन (18 वर्ष) निवासी ज्युरी, रामपुर, शिमला के पास से करीब 11 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया और गाड़ी को कब्जे में ले लिया गया।
जांच में पता चला कि दोनों युवक चिट्टा बेचने का धंधा करते हैं और खेप किसी अन्य व्यक्ति से मंगवाई गई थी। राहुल और अर्जुन से की गई पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस ने सप्लायर संदीप (25 वर्ष) पुत्र धनवीर सिंह, निवासी कामरु, सांगला, किन्नौर को पंजाब के डेराबसी से 14 जून को गिरफ्तार किया।
आज पुलिस ने संदीप को न्यायालय में पेश किया। पुलिस आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। NDPS एक्ट की धारा 21 व 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच जारी है।



