Mandi Press Club Elections: मंडी प्रेस क्लब के चुनावों में सुभाष ठाकुर को अध्यक्ष, मोनिका ठाकुर को उपाध्यक्ष, हंस राज सैनी को सचिव, और भगत सिंह गुलेरिया को कोषाध्यक्ष के रूप में चुना गया। वीरवार को हुए इन चुनावों में कुल 48 मतदाताओं में से 46 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी बीआर कौंडल और सह चुनाव अधिकारी राज कमल की देखरेख में संपन्न हुई।
अध्यक्ष पद के लिए सुभाष ठाकुर और मुनीष सूद के बीच सीधा मुकाबला हुआ, जिसमें सुभाष ठाकुर को 26 और मुनीष सूद को 20 वोट मिले, इस तरह सुभाष ठाकुर 6 वोटों से विजयी रहे। उपाध्यक्ष पद पर मोनिका ठाकुर और रजनीश हिमालयन के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें मोनिका ठाकुर को 26 और रजनीश हिमालयन को 20 वोट मिले, इस तरह मोनिका ठाकुर भी 6 वोटों से चुनाव जीतीं।
सचिव पद के लिए हंस राज सैनी और रूप लाल कौंडल के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें हंस राज सैनी को 29 और रूप लाल कौंडल को 17 वोट मिले, जिससे हंस राज सैनी 12 वोटों से विजयी रहे। वहीं, कोषाध्यक्ष पद पर भगत सिंह गुलेरिया और विनोद राणा के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें भगत सिंह गुलेरिया को 24 और विनोद राणा को 22 वोट मिले, जिससे भगत सिंह 2 वोटों से चुनाव जीत गए।
चुनाव जीतने के बाद क्या बोले विजेता?
नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुभाष ठाकुर ने कहा कि चुनाव के दौरान किए गए सभी वादों को पूरा करने के लिए सभी चुने गए प्रतिनिधि मिलकर कार्य करेंगे। 15 दिनों के भीतर प्रेस क्लब की वेबसाइट तैयार की जाएगी और सोशल एक्टिविटी फंड के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा, जिससे पत्रकारों की सहायता और क्लब की गतिविधियों को सुचारू रूप से चलाया जा सके।
सचिव हंस राज सैनी ने कहा कि प्रेस क्लब भवन की तीसरी मंजिल का कार्य अधूरा पड़ा है, जिसे पूरा करने के लिए 22 लाख रुपये की आवश्यकता है। सरकार से इस राशि की मंजूरी के लिए प्रयास किए जाएंगे ताकि भवन निर्माण जल्द पूरा हो सके।
उपाध्यक्ष मोनिका ठाकुर ने कहा कि महिला पत्रकारों के उत्थान और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए वे विशेष प्रयास करेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि प्रेस क्लब में सभी त्यौहार पूरे क्लब परिवार के साथ मिलकर मनाए जाएंगे।
इस जीत के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी मतदाताओं का धन्यवाद किया और प्रेस क्लब को और अधिक संगठित और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया।



