Follow Us:

वंदे मातरम् के 150 वर्ष, भाजपा प्रदेश में करेगी कार्यक्रम, कांग्रेस पर भड़के विपिन परमार, बोले मुस्लिम लीग को खुश करने के लिए बदला गया राष्ट्रगीत

देशभर में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे, भाजपा करेगी भव्य उत्सव
भाजपा नेता विपिन परमार ने कांग्रेस पर साधा निशाना, कहा— मुस्लिम लीग को खुश करने के लिए बदला गया राष्ट्रगीत
7 नवंबर को हिमाचल के सभी संसदीय क्षेत्रों में होगा ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गान


शिमला। केंद्र सरकार राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में भव्य कार्यक्रमों का आयोजन करने जा रही है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश स्तर पर भी बड़े पैमाने पर जनभागीदारी वाले आयोजन करने जा रही है, जिसमें देश की आज़ादी में इस गीत के योगदान को याद किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधायक विपिन परमार ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं बल्कि राष्ट्रभक्ति और एकता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि भाजपा 7 नवंबर को सुबह 11 बजे हर संसदीय क्षेत्र में सामूहिक गान आयोजित करेगी। शिमला में यह कार्यक्रम अंबेडकर चौक, कांगड़ा में विधानसभा परिसर, मंडी में कल्लू, और हमीरपुर में भी इसी तरह का आयोजन किया जाएगा।

विपिन परमार ने कहा कि यह गीत आज भी राष्ट्रवाद और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने मुस्लिम लीग को खुश करने के लिए वंदे मातरम् को पूर्ण रूप से लागू नहीं होने दिया। कांग्रेस ने गीत के कुछ अंतरे हटाकर इसकी आत्मा को कमजोर किया।

परमार ने कहा कि 1937 में कांग्रेस कार्यसमिति ने निर्णय लिया था कि पाँच छंदों वाले इस गीत के केवल पहले दो छंद ही गाए जाएंगे। उन्होंने कांग्रेस पर यह भी आरोप लगाया कि उसने बार-बार इस गीत के प्रति असहिष्णुता दिखाई। उन्होंने कहा कि 2019 में मध्य प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने सचिवालय में इस गीत को गाने पर रोक लगाई थी, जबकि 2017 में एआईएमआईएम नेता अकबरुद्दीन ओवैसी ने स्कूलों में वंदे मातरम् गाना अनिवार्य करने का विरोध किया था।

विपिन परमार ने कहा कि भाजपा इस गीत के 150 वर्ष गर्व और सम्मान के साथ मना रही है ताकि देश के युवाओं में राष्ट्रप्रेम और एकता की भावना और मजबूत हो।