Follow Us:

उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शिमला पहुंचे, राजभवन में ठहराव

|

  • उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शिमला पहुंचे, राजभवन में रात्रि विश्राम

  • शिमला में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, 300 से अधिक जवान तैनात

  • 7 जून को नौणी विश्वविद्यालय सोलन में मुख्य अतिथि के तौर पर लेंगे भाग


शिमला, पराक्रम चंद:  भारत के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला पहुंचे। वह चंडीगढ़ से हेलिकॉप्टर के माध्यम से अनाडेल हेलीपैड पर उतरे, जहां से उनका काफिला माल रोड होते हुए राजभवन तक पहुंचा। यहां वे शुक्रवार रात विश्राम करेंगे।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राजभवन में उनका स्वागत किया। कार्यकारी पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी, सेना के वरिष्ठ अधिकारी व अन्य विभागीय प्रमुख भी मौजूद रहे।

उप राष्ट्रपति के आगमन को लेकर शिमला में सुरक्षा व्यवस्था चाक–चौबंद रही। शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई और करीब 300 से अधिक पुलिसकर्मी सुरक्षा और ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात किए गए। अतिरिक्त पुलिस बल भी मंगवाया गया है। पुलिस विभाग ने नागरिकों से भीड़भाड़ और जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों के उपयोग की अपील की है। कुमार हाउस आने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों से भी अनुरोध किया गया है कि केवल पार्किंग सुविधा होने पर ही गाड़ी कार्यालय लाएं।

7 जून को उप राष्ट्रपति सोलन स्थित डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर भाग लेंगे।

धनखड़ के दौरे के चलते शिमला शहर में सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक अनाडेल-विधानसभा और शिल्ली चौक-ओक ओवर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही अस्थायी रूप से बंद रही। मॉल रोड पर भी सुरक्षा कारणों से सीमित गतिविधियों की अनुमति दी गई है।