➤कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने लिया नुकसान का जायजा
➤भाजपा अध्यक्ष पर कसा तंज, लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर उठाए सवाल
पराक्रम चंद, शिमला
शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश से जनजीवन पर भारी असर पड़ा है। कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जानकारी दी कि प्रदेश में 390 सड़कें बंद होने की सूचना है। इन सड़कों को बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करके पूरे हालात की समीक्षा की जा रही है और कोशिश है कि जल्द से जल्द यातायात सामान्य किया जाए।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि विभागीय टीमें मलबा हटाने और सड़कों को साफ करने में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि बरसात के चलते पीडब्ल्यूडी को भी भारी नुकसान हुआ है और सड़कों के बंद होने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
भाजपा में नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर विक्रमादित्य सिंह ने कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा खुद को लोकतांत्रिक पार्टी कहती है, लेकिन अध्यक्ष पद के लिए दो नामांकन भी नहीं लिए गए। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया का दिखावा करना और वास्तव में उसे अपनाना, दोनों में फर्क है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक आपदाओं से हुए नुकसान को प्राथमिकता पर बहाल कर रही है। मुख्यमंत्री खुद हालात पर नजर बनाए हुए हैं। सभी विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है ताकि आम लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने आमजन से अपील की कि खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।



