Follow Us:

मोहतरमा हिमाचल से नदारद, महत्वपूर्ण बैठक के लिए भी समय नहीं: विक्रमादित्‍य सिंह

  • विक्रमादित्य सिंह का कंगना रनौत पर निशाना – “हिमाचल से नदारद”

  • सांसद होने के नाते अपनी जिम्मेदारी निभाएं – लोक निर्माण मंत्री

  • वक्फ बिल पर कांग्रेस और INDIA गठबंधन के पक्ष को सुनने की जरूरत


Kangana Ranaut MP Controversy: हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री और कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंगना चुनाव जीतने के बाद प्रदेश में सक्रिय नहीं हैं और सांसद के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने में विफल रही हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा, “कंगना रनौत चुनाव जीतने के बाद सिर्फ दो बार ही प्रदेश में नजर आई हैं – एक बार अपने निजी कैफे के उद्घाटन के दौरान और दूसरी बार किसी बैठक में।” उन्होंने यह भी कहा कि सांसद कंगना के पास DISHA (जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति) की महत्वपूर्ण बैठकों में भाग लेने का समय नहीं है, जबकि यह बैठकें संसदीय क्षेत्र के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

उन्होंने व्यंग्यात्मक लहज़े में कहा, “मोहतरमा हिमाचल से नदारद हैं, सांसद होने के नाते उन्हें अपनी जिम्मेदारियां निभानी चाहिए।”

वक्फ बिल पर क्या बोले विक्रमादित्य सिंह?


विक्रमादित्य सिंह ने वक्फ संशोधन बिल को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार को कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों की बातों पर भी मंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन के घटक दलों ने इस मुद्दे पर मजबूती से अपने विचार रखे हैं और सरकार को संवैधानिक दायरे में रहकर काम करना चाहिए।

उन्होंने कहा, “सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि यह बिल संविधान के ढांचे के अनुरूप हो।”

केंद्र से मदद के मुद्दे पर नेता प्रतिपक्ष पर पलटवार


लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने भाजपा नेता और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “नेता प्रतिपक्ष को भूलने की बीमारी हो गई है।”

उन्होंने दावा किया कि हाल ही में विधानसभा के बजट सत्र में जयराम ठाकुर ने स्वयं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत केंद्र से मिल रही सहायता के लिए केंद्र सरकार का आभार जताया था। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू PDNA (Post Disaster Needs Assessment) के तहत मिलने वाली सहायता की मांग कर रहे हैं, जो अभी तक राज्य को नहीं मिली है

2024 लोकसभा चुनाव में कंगना ने हराया था विक्रमादित्य सिंह को


गौरतलब है कि 2024 लोकसभा चुनाव में कंगना रनौत ने विक्रमादित्य सिंह को हराया था। इस चुनाव में कंगना को 5,37,022 वोट मिले, जबकि विक्रमादित्य सिंह को 4,62,267 वोट हासिल हुए थे।

चुनाव प्रचार के दौरान दोनों नेताओं के बीच काफी तीखी बयानबाजी हुई थी। विक्रमादित्य सिंह, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बेटे हैं, और उनके पिता वीरभद्र सिंह हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं