Visually Impaired Protest Shimla: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में वीरवार को दृष्टिबाधित संघ के सदस्यों ने सचिवालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। संघ के सदस्य लंबे समय से बैकलॉग भर्तियों की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार द्वारा उनकी मांगों को नजरअंदाज करने के चलते उन्होंने आंदोलन का रास्ता अपनाया। प्रदर्शन के दौरान एक दृष्टिहीन व्यक्ति नाले में गिर गया, जिसे तुरंत पुलिस ने बाहर निकाला।
संघ के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने बताया कि 1995 के बाद से कोई भर्ती नहीं हुई है, जबकि सरकारी विभागों में दृष्टिबाधितों के लिए कई पद रिक्त पड़े हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के साथ कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिले, ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
प्रदर्शन के दौरान माहौल गर्मा गया जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाने की कोशिश की। इस दौरान हल्की धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे तनाव बढ़ गया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री धनीराम शांडिल के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
इस प्रदर्शन के कारण सचिवालय के बाहर लंबा जाम लग गया, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी हुई। पुलिस को जाम खुलवाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।



