Follow Us:

Red Cross Day 2025: आपदा में सेवा करना रेडक्रॉस की प्रेरणा: सुक्‍खू

|

  • रेडक्रॉस दिवस पर स्वयंसेवकों और बच्चों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू से की मुलाकात

  • मुख्यमंत्री ने रेडक्रॉस स्टिकर स्वीकार कर कोष में दिया योगदान

  • आपदा सेवा और मानवीय कल्याण में रेडक्रॉस स्वयंसेवकों की भूमिका की सराहना


शिमला, 8 मई 2025 — विश्व रेडक्रॉस दिवस-2025 के अवसर पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू से आज यहां बच्चों और रेडक्रॉस स्वयंसेवकों ने भेंट की। इस भावनात्मक अवसर पर स्वयंसेवकों ने मुख्यमंत्री को रेडक्रॉस के प्रतीकात्मक स्टिकर भेंट किए और उनके सहयोग के लिए आभार जताया।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने रेडक्रॉस कोष में व्यक्तिगत रूप से योगदान देते हुए प्रदेशवासियों से भी इस मानवीय कोष में उदारतापूर्वक सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस स्वयंसेवक निःस्वार्थ सेवा भावना से आपदा और संकट के समय समाज की सहायता करते हैं, जो अत्यंत प्रशंसनीय है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “आज का दिन विश्व भर के रेडक्रॉस स्वयंसेवकों के अथक प्रयासों और समर्पण को स्मरण करने का दिन है। संकट की घड़ी में ये स्वयंसेवक अग्रिम पंक्ति में रहकर राहत सामग्री उपलब्ध करवाते हैं और उम्मीद की नई किरण बनते हैं।”

इस अवसर पर उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, नगर निगम शिमला के पार्षदगण और हिमाचल प्रदेश रेडक्रॉस समिति के सदस्यगण भी उपस्थित रहे।