➤ लडभड़ोल की 20 पंचायतों में गंभीर जल संकट
➤ विधायक प्रकाश राणा की अगुवाई में जोरदार प्रदर्शन
➤ विभागीय लापरवाही पर चेतावनी – नहीं सुधरी स्थिति तो उग्र आंदोलन
पराक्रम चंद, शिमला
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला के उपमंडल जोगिंदरनगर की तहसील लडभड़ोल में पेयजल संकट ने अब जन आंदोलन का रूप ले लिया है। क्षेत्र की लगभग 20 पंचायतों के सैकड़ों लोग सोमवार को स्थानीय विधायक प्रकाश राणा के नेतृत्व में जल शक्ति विभाग के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लडभड़ोल क्षेत्र के गांवों में कई हफ्तों से नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही, जिससे लोगों का दैनिक जीवन ठप हो गया है। विद्यालयों, अस्पतालों और घरों में पानी की कमी के चलते लोग बूंद-बूंद को तरस रहे हैं। विधायक प्रकाश राणा ने आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी न तो योजनाओं की मॉनिटरिंग कर रहे हैं, न ही समय पर समस्या का समाधान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लाखों रुपये की जल आपूर्ति योजनाएं केवल कागजों में ही सिमट कर रह गई हैं। स्थानीय लोगों ने जब दफ्तर का घेराव किया तो जल शक्ति विभाग मुर्दाबाद के नारों से पूरा कार्यालय परिसर गूंज उठा। कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित करनी पड़ी।
विधायक प्रकाश राणा ने मीडिया को बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार अधिकारियों से लिखित व मौखिक रूप में शिकायत की गई थी, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिले, कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने चेताया कि अगर जल आपूर्ति व्यवस्था को तुरंत ठीक नहीं किया गया तो भविष्य में और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी विभाग और प्रशासन की होगी।
यह प्रदर्शन न केवल जन असंतोष का प्रतीक बन गया है, बल्कि सरकार और प्रशासन को यह स्पष्ट संदेश भी दे गया है कि मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं होगी।



