Follow Us:

हिमाचल में आज और कल मौसम रहेगा खराब

  • हिमाचल प्रदेश में फिर बिगड़ेगा मौसम, वैस्टर्न डिस्टर्बैंस के चलते यलो अलर्ट जारी

  • किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी की संभावना, 2 दिन तक रहेगा प्रभाव

  • चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में तेज तूफान व बिजली गिरने का अलर्ट


Western Disturbance in Himachal: हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज फिर बदलने वाला है। प्रदेश में वैस्टर्न डिस्टर्बैंस सक्रिय होने के कारण भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। खासकर किन्नौर और लाहौल-स्पीति में अगले दो दिनों तक भारी बर्फबारी हो सकती है। इसी के साथ चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी जिलों में तेज आंधी और आसमानी बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।

इसके अलावा हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना में भी अगले 24 घंटे में बारिश के आसार हैं। राजधानी शिमला में फिलहाल धूप खिली हुई है, लेकिन बारिश और बर्फबारी के चलते अगले दो-तीन दिनों में प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज हो सकती है।

संदीप शर्मा, मौसम विज्ञानी, मौसम केंद्र शिमला: “प्रदेश में सक्रिय वैस्टर्न डिस्टर्बैंस के कारण अगले कुछ दिनों तक मौसम खराब रहेगा। किन्नौर और लाहौल-स्पीति में भारी बर्फबारी के आसार हैं, वहीं चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी में तूफान और बिजली गिरने का खतरा रहेगा। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।”

प्रदेश के 7 शहरों में तापमान 30 डिग्री से ऊपर

प्रदेश में इस समय औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा बना हुआ है। कई शहरों में तापमान सामान्य से 8 डिग्री अधिक हो चुका है। कल्पा में तापमान 7.9 डिग्री अधिक बढ़कर 20.2 डिग्री पर पहुंच गया है। भुंतर में 29.0 डिग्री, बिलासपुर में 32.6 डिग्री और शिमला में 22.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया है।

मार्च में अब तक 21% कम बारिश और बर्फबारी

मार्च के पहले सप्ताह में अच्छी बारिश और बर्फबारी हुई थी, लेकिन दूसरा और तीसरा सप्ताह शुष्क रहा। 1 से 24 मार्च तक सामान्यत: 95.6 मिमी बारिश होती है, जबकि इस साल अब तक केवल 75.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है।