-
भारतीय सेना के खिलाफ सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने पर महिला गिरफ्तार
-
आरोपी महिला टेलरिंग का करती थी काम, पिछले तीन दशक से कंडाघाट में रह रही थी
-
थाने के बाहर स्थानीय युवाओं ने किया विरोध प्रदर्शन, महिला का मोबाइल जब्त
Kandaghat Arrest: भारत-पाकिस्तान के बीच मौजूदा तनाव के बीच, हिमाचल के सोलन जिले के कंडाघाट कस्बे में रहने वाली एक 48 वर्षीय मुस्लिम महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। महिला पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर “पाकिस्तान जिंदाबाद” और भारतीय सेना को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं।
गुरुवार शाम स्थानीय युवाओं ने इस महिला के खिलाफ कंडाघाट थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को महिला को गिरफ्तार किया और उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया है। साथ ही, शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, महिला बीते ढाई से तीन दशक से कंडाघाट में अपने पति के साथ दर्जी का काम कर रही थी। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 196(2), 197(2) और 353(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
थाने के बाहर स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। एक युवक ने आरोप लगाया कि महिला का बेटा भी नशा तस्करी में लिप्त है और कई बार जेल जा चुका है। इसके बाद पुलिस ने महिला और उसके पति को थाने में पूछताछ के लिए बुलाया और शुक्रवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने अभी तक मामले पर विस्तृत बयान नहीं दिया है, लेकिन सोशल मीडिया पर सेना और देश के खिलाफ टिप्पणी को लेकर सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।



