-
क्रिकेट खेलते समय हुई कहासुनी में 19 वर्षीय युवक की मौत
-
साथी खिलाड़ी ने बैट से गर्दन पर मारा वार
-
पुलिस बल तैनात, शव पोस्टमार्टम को भेजा गया
Cricket dispute killing: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जनपद में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां क्रिकेट खेलते समय हुए मामूली विवाद ने एक युवक की जान ले ली। थाना अहार क्षेत्र के रसूलपुर गांव में रविवार सुबह 19 वर्षीय शक्ति भाटी की साथी खिलाड़ी द्वारा बैट से वार कर हत्या कर दी गई।
घटना रविवार सुबह लगभग 10 बजे की है जब रसूलपुर निवासी शक्ति भाटी गांव के एक स्कूल के मैदान में अपने साथियों के साथ क्रिकेट खेलने गया था। खेल के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद एक साथी ने गुस्से में आकर बैट से उसकी गर्दन पर वार कर दिया। शक्ति वहीं ज़मीन पर गिर पड़ा और साथी घबरा गए।
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे इलाज के लिए ऊंचागांव के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन चिकित्सक ने शक्ति को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीईओ अनूपशहर के साथ थाना नरसेना, अनूपशहर, जहांगीराबाद, खानपुर और अहार की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है, और स्थानीय लोग इसे एक दुर्भाग्यपूर्ण व अनावश्यक हादसा बता रहे हैं।



