Follow Us:

हिमाचल में 24 वोल्वो बसों की सौगात, सीएम सुक्खू ने किया शुभारंभ

➤ मुख्यमंत्री ने 24 वोल्वो बसों को झंडी दिखाकर किया रवाना
➤ ग्रीन एनर्जी स्टेट बनाने के लिए हाईड्रोजन बसों पर काम जारी
➤ यातायात सुधार पर 110 करोड़ खर्च कर चार्जिंग स्टेशन बनेंगे

पराक्रम चंद, शिमला



सोलन। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार हिमाचल को ‘ग्रीन एनर्जी स्टेट’ बनाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है और लोगों को विश्वस्तरीय परिवहन सुविधाएं देने के लिए भी कृतसंकल्प है। वे गत सायं सोलन के क्यारीघाट में आयोजित एक समारोह में 24 अत्याधुनिक वोल्वो बसों को झंडी दिखाकर रवाना करने के उपरांत जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दो वर्षों में हिमाचल पथ परिवहन निगम को प्रति वर्ष एक-एक हजार करोड़ रुपये की राशि प्रदान की गई है, ताकि सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा सुनिश्चित की जा सके। प्रदेश में अब तक 500 डीजल बसें, 300 इलेक्ट्रिक बसें और लगभग 30 वोल्वो बसें खरीदी गई हैं। भविष्य में भी यात्री सुविधाओं को और बेहतर करने के लिए 100 टैंपो ट्रैवलर खरीदे जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में रेल और वायु परिवहन सीमित होने के कारण बस सेवाएं ही राज्य की जीवन रेखा बन गई हैं। सरकार हर महीने परिवहन निगम को 60 करोड़ रुपये का अनुदान देती है। साथ ही उन्होंने बताया कि ग्रीन हिमाचल मिशन के तहत 110 करोड़ की लागत से प्रदेश भर में चार्जिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि सरकार सत्ता के सुख के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन की सोच से कार्य कर रही है। हरित ऊर्जा से परिपूर्ण हिमाचल न सिर्फ देश के सामने आदर्श प्रस्तुत करेगा, बल्कि वैकल्पिक आय के नए स्त्रोतों से राज्य की अर्थव्यवस्था को भी मजबूत बनाएगा।

इस मौके पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें प्रदेश के लाखों लोगों की जीवन रेखा हैं, जिनमें हर रोज 4 से 5 लाख लोग सफर करते हैं। उन्होंने कहा कि निगम ने अपने 50 वर्ष पूरे कर लिए हैं और आने वाले समय में 250 नई बसें और शामिल होंगी।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल ने कहा कि वोल्वो बसों के संचालन से प्रदेश की आय बढ़ेगी और स्थानीय नागरिकों व पर्यटकों को आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चल रही योजनाओं की भी सराहना की।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष विनय कुमार, जोगिन्द्र सहकारी बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा, हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा, युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष चतर सिंह, अतिरिक्त मुख्य सचिव आर.डी. नजीम, परिवहन निगम प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।