Follow Us:

तुर्की के सेब आयात पर प्रतिबंध की मांग ने पकड़ा जोर

  • तुर्की द्वारा पाकिस्तान को ड्रोन देने पर भारत में नाराजगी

  • कांग्रेस प्रवक्ता कुलदीप राठौर ने तुर्की से सेब आयात पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग की

  • तुर्की से भारत में हर साल आता है 822 करोड़ रुपये का सेब


Turkey apple import ban: भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच अब तुर्की के खिलाफ भी राजनीतिक प्रतिक्रिया तेज हो गई है। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र सरकार से तुर्की से सेब समेत अन्य वस्तुओं के आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यह फैसला तुर्की द्वारा पाकिस्तान को सैन्य ड्रोन की आपूर्ति करने के विरोध में लिया जाना चाहिए।

राठौर ने तुर्की के इस कदम को भारत विरोधी और दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने याद दिलाया कि जब 2023 में तुर्की में विनाशकारी भूकंप आया था, तब भारत ने ‘ऑपरेशन दोस्त’ चलाकर सबसे पहले सहायता भेजी थी। एनडीआरएफ की टीमें, राहत सामग्री और मेडिकल सहायता तुर्की को भेजी गई थी। इसके बावजूद तुर्की ने पाकिस्तान को खुला समर्थन देकर भारत की सदाशयता का अपमान किया है।

कुलदीप राठौर ने तथ्यों के साथ बताया कि भारत हर साल 1,29,882 मीट्रिक टन सेब तुर्की से आयात करता है, जिसकी आर्थिक कीमत 822 करोड़ रुपये के करीब है। इसके अलावा अफगानिस्तान के रास्ते अवैध रूप से भी तुर्की से सेब भारत पहुंचता है। भारत और तुर्की के बीच कुल 12 बिलियन डॉलर का सालाना व्यापार होता है, जिसमें तुर्की को फायदा ही होता है।

उन्होंने यह भी कहा कि हर साल 3.3 लाख भारतीय पर्यटक तुर्की जाते हैं, जिससे तुर्की को भारी विदेशी मुद्रा लाभ होता है। ऐसे में केंद्र सरकार को अब तुर्की के इस व्यवहार का सख्त राजनीतिक और व्यापारिक जवाब देना चाहिए।

कुलदीप राठौर की यह मांग हिमाचल प्रदेश के सेब उत्पादकों के लिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि सस्ते विदेशी सेब खासकर तुर्की के सेब भारतीय बाजार में हिमाचली सेब की कीमतों को नुकसान पहुंचाते हैं।