Follow Us:

बुलंदशहर हिंसा: इंस्पेक्टर सुबोध की हत्या का मुख्य आरोपी योगेश राज गिरफ्तार

समाचार फर्स्ट |

बुलंदशहर के स्याना में 3 दिसंबर को भड़की हिंसा और इंस्पेक्टर सुबोध कुमार सिंह की हत्या मामले के मुख्य आरोपी योगेश राज को गिरफ़्तार कर लिया गया है। हिंसा के बाद से ही पुलिस आरोपी योगेश राज की गिरफ़्तारी के लिये लगातार छापेमारी कर रही थी। योगेश राज बजरंग दल का जिला संयोजक है। योगेश को इंस्पेक्टर सुबोध कुमार की हत्या और बवाल का मास्टरमाइंड बताया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, नेताओ के सहयोग के बाद योगेश की गिरफ्तारी बुधवार देर रात हो पाई है। आईजी मेरठ जोन राम कुमार गुरुवार दोपहर इस मामले पर प्रेस कांफ्रेंस कर सकते हैं। इससे पहले मंगलवार को बुलंदशहर में स्याना हिंसा मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी थी।

पुलिस ने इंस्पेक्टर की हत्या मामले में प्रशांत नट को गिरफ्तार करने के बाद एक अन्य आरोपी कलुआ को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि हिंसा वाले दिन आरोपी कलुआ ने कुल्हाड़ी से इंस्पेक्टर को गंभीर रूप से घायल किया था। जिसके बाद प्रशांत नट ने उन्हें गोली मारी थी।