Follow Us:

चक्रवाती तूफान ‘फेनी’ हुआ भयंकर, ओडिशा के 11 जिलों से आचार संहिता हटाई

समाचार फर्स्ट डेस्क |

चक्रवाती तूफान ‘फेनी’ ने अब विकराल रूप धारण कर लिया है। फेनी तूफान पर भारतीय मौसम विभाग ने खतरे की चेतावनी जारी कर दी है। गृह मंत्रालय के आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा है कि चक्रवाती तूफान फेनी 1 मई के दोपहर से उत्तर पश्चिमी इलाकों की तरफ तेजी से बढ़ सकता है। वहीं ओडिशा में हालात बिगडऩे की संभावना को देखते हुए चुनाव आयोग ने 11 जिलों से आचार संहिता हटा ली है। तूफान के खतरे को देखते हुए ओडिशा के सभी डॉक्टरों और हेल्थ स्टाफ की छुटि्टयां रद्द कर दी गई हैं। इसके साथ ही वहां के स्कूलों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

इस बीच मौसम विज्ञान विभाग ने कहा, ‘फेनी के एक मई की शाम तक उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढऩे की संभावना है और उसके बाद यह दोबारा घूम कर उत्तर-उत्तरपूर्वी दिशा में आगे बढ़ सकता है। तब यह तीन मई की दोपहर तक ओडिशा के तट पर पहुंच सकता है। इसकी हवाओं की अधिकतम गति 170-180 से 200 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है।’ भारतीय मौसम विभाग ने फानी के संबंध में ‘येलो वार्निंग’ जारी किया है।

मौसम विभाग ने ओडिशा के कुछ हिस्से के लिए चक्रवात का अलर्ट जारी किया है। गृह मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और भारतीय तटरक्षक बल को हाई अलर्ट पर रखा गया है और मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। गुरुवार को ओडिशा में कई जगहों पर हल्के से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है और दक्षिण तटीय ओडिशा में भारी से भारी बारिश हो सकती है। तटीय ओडिशा में कुछ जगहों पर ‘बहुत ही अधिक बारिश’ होने की आशंका व्यक्त की गई है।