Follow Us:

दिल्ली: कोर्ट के आदेश का पालन न करने वालों के खिलाफ पुलिस ने की कार्रवाई, 2,776 किलो पटाखे जब्त

समाचार फर्स्ट डेस्क |

भारत की राजधानी दिल्ली में दिवाली के दिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश और पुलिस की मुस्तैदी के बावजूद लोगों ने देर रात तक पटाखे जलाए। इन पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जहां पटाखे बेचने वालों के खिलाफ 72 मामले दर्ज कर 87 लोगों को गिरफ्तार किया, वहीं पटाखे जलाने वालों के खिलाफ 562 मामले दर्ज कर 310 को गिरफ्तार किया। वहीं 24 नाबालिगों को भी पटाखे फोड़ते हुए पकड़ा गया। पुलिस ने 2,776 किलो पटाखे जब्त किए हैं।

बता दें कि राजधानी में प्रदूषण के खतरनाक हालात को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने राजधानी में केवल ग्रीन पटाखे बेचने और उसे जलाने की अनुमति दी थी। साथ ही पुलिस ने पटाखे जलाने का 2 घंटे का समय भी निर्धारित किया था। अदालत ने आदेश का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ पुलिस को कार्रवाई करने का निर्देश दिए थे।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद से पुलिस अवैध रूप से पटाखे बेच रहे लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही थी। इसके बावजूद दिवाली के दिन दुकानदार चोरी छिपे पटाखे बेच रहे थे। साथ ही लोग भी आधी रात तक पटाखे फोड़ते रहे। राजधानी के लोगों ने दिवाली पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जमकर धज्जियां उड़ाईं। वहीं पुलिस ने पटाखे बेचने और जलाने वालों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई भी की।