Follow Us:

झारखंड : गिरीडीह मुठभेड़ में तीन नक्सली ढेर, CRPF का एक जवान शहीद

समाचार फर्स्ट डेस्क |

झारखंड के नक्‍सल प्रभावित क्षेत्र गिरीडीह में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में सीआरपीएफ ने 3 नक्सलियों को मार गिराया है। बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीआरपीएफ की 7 बटालियन के जवानों ने 1 एके -47 राइफल, 3 मैगजीन और 4 पाइप बम बरामद किए। वहीं इस मुठभेड़ में सीआरपीएफ के एक जवान की जान चली गई।

झारखंड के गिरिडीह जिले में सोमवार को एक मुठभेड़ में तीन माओवादी ढेर हो गए और सीआरपीएफ का एक जवान भी मारा गया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच जिले के बेलवा घाट इलाके के जंगलों में सुबह करीब छह बजे उस समय मुठभेड़ हुई जब केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की सातवीं बटालियन के जवान अभियान चला रहे थे।

यह जिला राजधानी रांची से करीब 185 किलोमीटर दूर है। अधिकारियों ने बताया कि अभी तक मुठभेड़ स्थल से तीन माओवादियों के शव बरामद किए गए हैं और उनके पास से एके-47 राइफल, तीन मैगजीन और चार पाइप बम बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में सीआरपीएफ के एक जवान की भी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बल मुठभेड़ स्थल की छानबीन कर रहे हैं। झारखंड में सात चरण के लोकसभा चुनाव के चौथे चरण में मतदान होगा।