Follow Us:

हरियाणा रोडवेज की हड़ताल खत्म, शनिवार से चलेंगी बसें

समाचार फर्स्ट |

16 अक्टूबर से चल रही हरियाणा रोडवेज की हड़ताल 18 दिन बाद ख़त्म हो गई है। अब जल्द ही हरियाणा सहित बाकी राज्यों में भी रोडवेज की बसें फिर से अपनी सुविधाएं देती नज़र आएंगी। हालांकि, शुक्रवार को तो बसें चालू होने की ख़बर नहीं है, लेकिन कर्मचारियों के मुताबिक बसें कल यानी शनिवार से चलने शुरू होंगी।

दरअसल, शुक्रवार को इस संदर्भ में पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई, जहां कोर्ट ने कर्मचारियों को हड़ताल ख़त्म करने को कहा। कोर्ट ने साफ लहज़े में कहा जब तक वे अपनी हड़ताल ख़त्म नहीं करते तब तक उनकी कोई बात नहीं सुनी जाएगी। प्रदेश वासियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए कर्मचारी हड़ताल ख़त्म करें, उसके बाद उनकी मांगों पर विचार होगा। यानी कि कोर्ट ने कर्मचारियों की समस्याएं सुनने को तैयार है, लेकिन उन्हें पहले हड़ताल ख़त्म करनी थी।

ग़ौरतलब है कि हरियाणा रोडवेज के कर्मचारी सरकार द्वारा 720 निजी बसों को परमिट दिए जाने का विरोध कर रहे थे। इस कारण 16 अक्टूबर को रोडवेज के सभी कर्मचारी हड़ताल पर चले गए। इससे पूरे राज्य में तो परिवहन सेवाएं प्रभावित हुई ही, साथ ही साथ बाकी राज्यों में रोडवेज की बसें नहीं चली। रोडवेज की इस हड़ताल का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा था। अब दिवाली से पहले हड़ताल खत्म होने से लोगों को राहत मिलने वाली है।