Follow Us:

LOC पर भारी गोलाबारी, PM मोदी ने बुलाई कैबिनेट बैठक

समाचार फर्स्ट डेस्क |

पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान में जारी तनाव और भी बढ़ गया है। पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों पर भारत की एयर स्ट्राइक के बाद से ही पाकिस्तान बौखला गया है। एक तरफ पाकिस्तान जम्मू-कश्मीर में सीजफायर का उल्लंघन कर रहा है, तो वहीं गुजरात में भी उसने हरकतें तेज कर दी हैं। सूत्रों की मानें तो पाकिस्तान ने कच्छ के पास समुद्री सीमा पर हथियार-आर्मी को डिप्लोय करना शुरू कर दिया है। पाकिस्तान ने अपने मछुआरों को भी समुद्री इलाके में जाने से मना किया है। पाकिस्तान की ओर से कुछ मूवमेंट भी देखने को मिले हैं।

जम्मू एवं कश्मीर के पुंछ जिले में वीरवार को नियंत्रण रेखा पर भारतीय और पाकिस्तानी सेना के बीच भारी गोलीबारी हुई। रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद ने कहा, " आज सुबह करीब 6 बजे पाकिस्तान ने कृष्णाघाटी सेक्टर में मोर्टार और छोटे हथियारों से गोलीबारी की है। गोलाबारी करके पाकिस्तान ने युद्धविराम का उल्लंघन किया।

भारतीय सेना ने प्रभावी और दृढ़ता से जवाबी कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि गोलीबारी सुबह 7 बजे बंद हो गई। प्रशासन ने नियंत्रण रेखा और अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पांच किलोमीटर के भीतर राजौरी, पुंछ और सांबा जिलों के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया है। इसके चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शाम को अपने आवास पर कैबिनेट की बैठक बुलाई है। ये बैठक शाम 6.30 बजे होगी।