Follow Us:

केजरीवाल ने Rss Chief को पत्र, केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग के आरोप

|

 

New Delhi: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत को पत्र लिखकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। केजरीवाल ने इस पत्र के माध्यम से केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग, लोकतांत्रिक मूल्यों की गिरावट और पार्टी में आंतरिक अनुशासन का आरोप लगाते हुए प्रश्नचिह्न लगाया है।

 

केजरीवाल ने लिखा, मैं यह पत्र एक राजनैतिक पार्टी के नेता की हैसियत से नहीं लिख रहा हूं, बल्कि इस देश के एक सामान्य नागरिक के तौर पर लिख रहा हूं। आज देश के हालात को लेकर मैं बहुत चिंतित हूं। जिस दिशा में भाजपा की केंद्र सरकार देश और देश की राजनीति को ले जा रही है, यह पूरे देश के लिए हानिकारक है।

उन्होंने लिखा, अगर यही चलता रहा तो हमारा लोकतंत्र ख़त्म हो जाएगा, हमारा देश ख़त्म हो जाएगा। पार्टियां तो आती-जाती रहेंगी, चुनाव आते-जाते रहेंगे, नेता आते-जाते रहेंगे, लेकिन भारत देश हमेशा रहेगा। इस देश का तिरंगा आसमान में गर्व से हमेशा लहराए, ये सुनिश्चित करना हमारी सबकी जिम्मेदारी है। केजरीवाल ने लिखा कि इसी संबंध में जनता के मन में कुछ सवाल हैं जो वह आपके समक्ष रख रहे हैं। उनकी मंशा सिर्फ़ भारतीय लोकतंत्र को बचाने और मजबूत करने की है।