Follow Us:

केरल बना 4 अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे वाला देश का पहला राज्य, मुख्यमंत्री ने किया उद्घाटन

समाचार फर्स्ट डेस्क |

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री सुरेश प्रभु ने रविवार को कन्नूर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया। कन्नूर हवाई अड्डे के साथ ही केरल भारत का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां 4 अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे हैं।

मुख्यातिथियों द्वारा सुबह 10 बजे हवाई अड्डे से पहली उड़ान रवाना की गई। एयर इंडिया के विमान ने 180 यात्रियों के साथ अबु धाबी के लिए उड़ान भरी। सभी यात्रियों को कन्नूर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड (KIAL) की ओर से उपहार भी दिया गया।

जानकारी के अनुसार तिरुवनंतपुरम, कोच्चि और कोझिकोड के बाद यह चौथा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा है। अबु धाबी के लिए उड़ान भरने से पहले एक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें राजनेताओं समेत सैकड़ों लोगों ने भाग लिया।

यहां से पहले दिन के लिए 2 उड़ानें निर्धारित की गई थी। इस एयरपोर्ट से संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, कतर के अलावा हैदराबाद, बेंगलुरू और मुंबई के लिए भी घरेलू उड़ानें संचालित होंगी।