Follow Us:

कांग्रेस कार्यालय दिल्ली में प्रियंका वाड्रा को मिला अपना ऑफिस

पी. चंद |

उत्तर प्रदेश कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को उनका नया ऑफिस मिल गया है। दिल्ली के 24 अकबर रोड में मौजूद कांग्रेस दफ्तर में प्रियंका को उनका कमरा दे दिया गया है। जहां उनकी नेम प्लेट भी लग गई है। ये कमरा कभी राहुल गांधी का हुआ करता था। प्रियंका गांधी का ये कमरा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के बिलकुल साथ में है।

खास बात तो ये है कि प्रियंका गांधी के इस कमरे से ही राहुल गांधी के पॉलिटिकल करियर की शुरुआत हुई थी। प्रियंका गांधी को 23 जनवरी को कांग्रेस महासचिव बनाए जाने का ऐलान हुआ था। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रियंका गांधी वाड्रा को पूर्वी यूपी का प्रभारी नियुक्त किया है।

बता दें कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सोमवार को विदेश से भारत लौट आईं हैं। वो अपनी बेटी इलाह का इलाज कराने के लिए अमेरिका गई थीं। पहले वो 1 फरवरी को लौटने वाली थीं लेकिन इलाज में देरी के चलते उनके आने में देरी हुई। स्‍वदेश लौटने के बाद प्रियंका ने कांग्रेस अध्‍यक्ष राहुल गांधी से उनके तुगलक रोड स्थित आवास पर मुलाकात की।