Follow Us:

देश के इस गांव में चूहे का मांस खाते हैं लोग!, 1 किलो की कीमत 200 ₹

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हेडिंग पढ़कर आपको थोड़ा अजीब जरूर लग रहा होगा और आप यह सोच भी रहे होंगे कि आखिर भारत में ऐसी कौन सी जगह है जहां चूहे का मांस चिकन से भी महंगा बिकता है।

तो आपको बता दे कि, असम के गुवाहाटी में बक्सा जिले में एक साप्ताहिक ग्रामीण बाजार लगता है। यहां इन दिनों चूहे का मांस बहुत बिक रहा है। यहां चूहे का मांस ब्रॉयलर चिकन की ही तरह 200 रुपये किलो बेचा जा रहा है। यहां इसे मसालों की ग्रेवी के साथ बनाया जाता है।

इस मांस को बेचने वालों का कहना है कि यह व्यंजन उत्तर-पूर्वी इलाकों की कुछ जनजातियों का पारंपरिक व्यंजन है। यह जनजाति इस व्यंजन को रविवार का स्वादिष्ट व्यंजन बताती है। गुवाहाटी से करीब 90 किलोमीटर दूर भारत और भूटान की सीमा से लगे कुमारिकता में रविवार को बाजार लगता है। यहां काफी संख्या में लोग अपना पसंदीदा चूहे का मांस खरीदने के लिए आते हैं।

जानकारी के मुताबिक यहां लगने वाले रविवार के बाजार में बकरे और चिकन के मांस से ज्यादा यहां चूहे का मांस लोकप्रिय है। बक्सा के पड़ोसी बारपेटा और नलबाड़ी जिले से मांस सबसे ज्यादा आता है। अब आपके दिमाग में यह आ रहा होगा कि इतने सारे चूहे आ कहा से जाते हैं तो आपको बता दे कि यहां के स्थानीय किसान फसलों की कटाई के दौरान रात के वक्त बांस के बने चूहेदान में इन चूहों को पकड़ लेते हैं। यहां के एक चूहे का वजन एक किलो से अधिक होता है।