Follow Us:

RLD राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह का निधन, कोरोना संक्रमित होने के कारण आर्टिमिस अस्पताल में चल रहा था इलाज

समाचार फर्स्ट डेस्क |

राष्ट्रीय लोकदल यानि आरएलडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह का आज निधन हो गया। 82 साल के अजित सिंह कोरोना संक्रमित थे। वह गुरुग्राम के आर्टिमिस अस्पताल में भर्ती थे जहां उनका इलाज चल रहा था। वीरवार को चौधरी अजित सिंह ने आज सुबह 8 बजकर 20 मिनट पर अंतिम सांस ली। बता दें कि 20 अप्रैल को उनकी कोरोना वायरस टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद चौधरी अजित सिंह का इलाज गुरुग्राम के अस्पताल में किया जा रहा था।

बीते दिनों में जब उनकी सेहत बिगड़ गई और उन्हें आइसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह के बागपत से पूर्व सांसद थे। पंचायत चुनाव में इस बार उनकी पार्टी ने समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शानदार प्रदर्शन किया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर अजित सिंह के निधन पर दुख जताया है। पीएम मोदी ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह जी के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। वे हमेशा किसानों के हित में समर्पित रहे। उन्होंने केंद्र में कई विभागों की जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। ओम शांति!

अजित सिंह पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के बेटे थे। चौधरी अजित सिंह ने साल 1986 से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। 1986 में वह राज्यसभा भेजे गए थे। 1987 से 1988 तक लोकदल (ए) और जनता पार्टी के अध्यक्ष पद भूमिका निभाई। 1989 में अपनी पार्टी का विलय जनता दल में कर दिया। अजित सिंह 6 बार लोकसभा और एक बार राज्यसभा सांसद रहे। इसके अलावा 4 प्रधानमंत्रियों की कैबिनेट में मंत्री भी रहे।