Follow Us:

देश के इस शहर में गायों के लिए बनेगा पहला श्मशान घाट

समाचार फर्स्ट |

मध्य प्रदेश में भोपाल नगर निगम गायों के लिए श्मशान घाट बनाएगा। गायों के लिए देश का यह पहला श्मशान घाट होगा। इसके साथ ही मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल देश का वह पहला पहला शहर होगा जहां पर गायों के अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट बनाए जाएंगे। नीलबड़-रातीबड़ रोड के आसपास इसके लिए पांच एकड़ जमीन की तलाश शुरू कर दी गई है।

भोपाल नगर निगम के महापौर आलोक शर्मा ने निगम के बजट में इसके लिए एक करोड़ रुपये का प्रावधान किया था। महापौर ने बताया कि निगम आयुक्त बी विजय दत्ता को इसकी डीपीआर बनाने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि देश में वर्षों से गौ पूजा हो रही है, लेकिन यह दुख की बात है कि जब तक गाय दूध देती है तब तक उसे गौमाता कहा जाता है और दूध देना बंद करने के बाद उसको बेसहारा मवेशी का नाम दे दिया जाता है। इस परियोजना पर पहले पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के शासनकाल में ही चर्चा की गई थी।

इस संबंध में जब मप्र के मुख्यमंत्री कमलनाथ की प्रतिक्रिया ली गई तो उन्होंने कहा कि गोवंश को लेकर ऐसी कोई पहल होती है, तो उसका स्वागत किया जाना चाहिए। सीएम ने कहा कि सरकार गायों के कल्याण के लिए किए गए प्रयासों को प्रोत्साहित करेगी। कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले अपने घोषणा पत्र में पंचायत स्तर पर गोशालाओं के निर्माण का वादा किया था, जिसे पूरा किया जा रहा है।