Follow Us:

‘कांग्रेस की हालत है दयनीय, जनता ने भाजपा को रिपीट करने का मन बनाया’

पी. चंद |

2022 के चुनाव से पहले मुख्यमंत्री कई जगहों पर करोड़ों की सौगातें दे रहे हैं। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने सिरमौर के शिलाई में गुरुवार को करोड़ों की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। कफोटा में जयराम ठाकुर ने कहा कि चार राज्यों में हाल ही में हुए चुनावों के बाद प्रदेश में कांग्रेस नेतृत्व की स्थिति दयनीय है। भाजपा ने इन सभी राज्यों में भारी जनादेश से जीत हासिल की है और प्रदेश के लोगों ने हिमाचल में भी भाजपा सरकार को पुनः सत्ता में लाने का मन बना लिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के पास राज्य सरकार के विरूद्ध कोई मुद्दा नहीं है और वे आपस में लड़ने और पार्टी में ही अपना वर्चस्व साबित करने में व्यस्त हैं। कांग्रेस सरकार ने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान प्रदेश के विकास और लोगों के कल्याण के लिए कुछ नहीं किया। भाजपा सरकार ने कर्मचारियों से लेकर जनता तक को कई तोहफे दिए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी की स्थापना

जय राम ठाकुर ने कहा कि देश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में मजबूत नेतृत्व प्राप्त हुआ है और अब देश एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभरा है। दुनिया भारत की ताकत से अवगत हुई है। उन्होंने राज्य के लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सहयोग करने का आग्रह किया ताकि भारत आगामी वर्षों में विश्व गुरु के रूप में उभर सके। सिरमौर जिले के ट्रांस गिरी क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र घोषित करने का मामला राज्य सरकार ने प्रभावी ढंग से केंद्रीय गृह मंत्री के समक्ष व्यक्तिगत रूप से उठाया है। उन्होंने कहा कि वह हाटी समुदाय के प्रतिनिधिमंडल के साथ पुनः केंद्रीय गृह मंत्री से मिलेंगे, ताकि क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा मिल सके।